
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाने की प्रवृत्ति पर कड़ी टिप्पणी करते हुए अनुशासन और जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग ड्यूटी के समय रील बनाने में व्यस्त रहते हैं, जो अनुशासनहीनता का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग और गंभीर रहना चाहिए। उनका कहना था कि जिस कार्य के लिए जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और गरिमा के साथ करना चाहिए, तभी बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे पुलिस विभाग या सिस्टम की छवि प्रभावित हो और लोग अनावश्यक रूप से मजाक उड़ाने का प्रयास करें। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निभाएगा तो परिणाम स्वतः बेहतर होंगे।