Home दुनियाअमृतसर में इंडिया- लैटिन अमेरिका बिजनेस फोरम का आयोजन, 125 से ज्यादा कंपनियों ने बढ़ाए वैश्विक व्यापार के कदम

अमृतसर में इंडिया- लैटिन अमेरिका बिजनेस फोरम का आयोजन, 125 से ज्यादा कंपनियों ने बढ़ाए वैश्विक व्यापार के कदम

by Kalpana Pandey
0 comments
अमृतसर में इंडिया- लैटिन अमेरिका बिजनेस

अमृतसर में भारतीय उद्योग और लैटिन अमेरिका- कैरेबियन देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। इंडियन चैंबर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस यानी ICIB ने डीजीएफटी और फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स यानी FIEO के सहयोग से इंडिया- लैटिन अमेरिका बिजनेस फोरम का सफल आयोजन किया। इस फोरम में पंजाब और उत्तर भारत की करीब 125 प्रमुख कंपनियों, निर्यातकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में उरुग्वे के राजदूत अल्बर्टो गुआनी, पनामा के राजदूत अलोंसो कोरेआ मिगुएल और बोलिविया की राजदूत आर्लेट बुस्टामांते विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी राजदूतों ने भारतीय निर्यातकों और उद्योगपतियों से सीधा संवाद किया और भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
फोरम के दौरान कृषि और एग्रो प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स, हेल्थकेयर, इंजीनियरिंग गुड्स, आईटी और डिजिटल सेवाओं समेत कई अहम सेक्टर्स में व्यापार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। राजदूतों ने कहा कि पनामा, बोलिविया और उरुग्वे जैसे देश भारतीय कंपनियों के लिए नए और तेजी से उभरते बाजार साबित हो सकते हैं।
डीजीएफटी और FIEO के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निर्यातकों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में लॉजिस्टिक्स, रेगुलेटरी फ्रेमवर्क, कनेक्टिविटी और वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने श्री हरमंदिर साहिब के भी दर्शन किए और सिख इतिहास, संस्कृति और परंपराओं के बारे में जानकारी हासिल की। इस सांस्कृतिक दौरे ने आर्थिक संबंधों के साथ-साथ लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को भी मजबूत किया।
ICIB द्वारा इतने बड़े स्तर पर उद्योग और विदेशी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की पहल की व्यापक सराहना हुई। कार्यक्रम के अंत में भारत और लैटिन अमेरिका कैरेबियन देशों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने और दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी।

You may also like

Leave a Comment