
उज्जैन: सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इसी दौरान साल में एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन को लेकर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसर के पास हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। इसी बीच परिसर में करंट फैलने की अफवाह फैलने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
भीड़ का दबाव बढ़ने के कारण कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। कुछ लोगों के गिरने और बेहोश होने की भी खबर है। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने लोगों को भीड़ से बाहर निकाला।
घटना के बाद प्रभावित श्रद्धालुओं को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन और सुरक्षाकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
फिलहाल करंट फैलने की बात को अफवाह बताया जा रहा है। घटना में कितने लोग वास्तव में घायल या हताहत हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।