
धुले: धुले जिले के नरडाणा में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए पुलिस थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित SBI के ATM को निशाना बनाया। देर रात चोरों ने कटर की मदद से ATM मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए।
ATM से छेड़छाड़ होते ही बैंक के अलर्ट सिस्टम ने मुख्य प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस थाना पास होने के बावजूद ATM में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।