
नई दिल्ली / भुवनेश्वर: ओडिशा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस विभाग ने एक सरकारी इंजीनियर के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में मिले कैश की गिनती के लिए अधिकारियों को मशीनों का सहारा लेना पड़ा।
आरोपी की पहचान Baikuntha Nath Behera के रूप में हुई है, जो कंधमाल जिले के बालीगुड़ा स्थित इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी (ITDA) में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात हैं।
विजिलेंस विभाग ने इंजीनियर से जुड़े 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान बैंक लॉकरों से भारी मात्रा में नकदी, दस्तावेज और कई संपत्तियों की जानकारी सामने आई।
अधिकारियों के अनुसार छापेमारी भुवनेश्वर के नीलाद्रि विहार, शैलश्री विहार, कानन विहार और चंद्रशेखरपुर स्थित आवासों के अलावा जाजपुर जिले के पैतृक घर, बारीपदा में रिश्तेदारों के ठिकानों, बालीगुड़ा स्थित कार्यालय और सरकारी आवास पर भी की गई।
प्रारंभिक जांच में इंजीनियर और उनके परिवार के नाम पर पांच बहुमंजिला आवासीय इमारतों का पता चला है। इनमें भुवनेश्वर में चार और जाजपुर जिले में एक बड़ा आवासीय भवन शामिल बताया जा रहा है।
विजिलेंस विभाग अब बरामद नकदी, संपत्तियों और बैंक खातों की विस्तृत जांच कर रहा है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।