
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में रोडवेज बस खराब होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फतेहपुर डिपो की बस प्रयागराज जा रही थी, तभी सैनी बस स्टॉप के पास अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई।
बस खराब होने के बाद यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालत ऐसी हो गई कि यात्रियों को खुद बस में धक्का लगाना पड़ा। बस को धक्का लगाते यात्रियों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस अचानक बंद हो गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री गर्मी और उमस के बीच परेशान नजर आए। बस में महिला, बुजुर्ग और बच्चे भी मौजूद थे।
यात्रियों ने रोडवेज विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खराब हालत वाली बसों को सड़कों पर उतारा जा रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
फिलहाल रोडवेज विभाग की ओर से बस में आई तकनीकी खराबी को ठीक कराने का प्रयास किया गया। घटना के बाद परिवहन व्यवस्था और बसों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।