
रायगढ़:
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली स्थित ज़ेनिथ वॉटरफ़ॉल में भारी बारिश के चलते अचानक पानी का बहाव तेज़ हो गया, जिससे करीब 70 पर्यटक बीच क्षेत्र में फंस गए। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण पर्यटक सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और खोपोली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत एवं बचाव दल ने सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रशासन के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान झरनों, नदियों और जलप्रपातों के आसपास जाने से बचें तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।