
भारत की सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अंडरवर्ल्ड डॉन Dawood Ibrahim के करीबी सहयोगी सलीम इस्माइल डोला को तुर्की के Istanbul से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है। डोला पर करीब 5000 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स कार्टेल को संचालित करने का आरोप है।
मंगलवार सुबह उसे मुंबई लाया गया, जहां पहुंचते ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और अन्य खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम ने उसे हिरासत में लेकर एक अज्ञात स्थान पर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि डोला विदेश में बैठकर ‘डी-कंपनी’ के सिंथेटिक ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा हिस्सा संभाल रहा था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स सप्लाई का अहम कड़ी था।
सूत्रों के मुताबिक, यह नेटवर्क हर साल हजारों करोड़ रुपये का कारोबार करता था और कई देशों में फैला हुआ था। डोला की गिरफ्तारी और डिपोर्टेशन को अंडरवर्ल्ड के ड्रग्स कारोबार के खिलाफ बड़ा झटका माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले जून 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला को यूएई से भारत लाया गया था। इसके अलावा उसके करीबी सहयोगी सलीम मोहम्मद सोहेल शेख को भी दुबई से डिपोर्ट कर मुंबई में गिरफ्तार किया गया था।
एजेंसियों का मानना है कि सलीम डोला से पूछताछ में ‘डी-कंपनी’ के ड्रग्स नेटवर्क, फंडिंग चैन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना है।