Home राज्यउत्तर प्रदेशदिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जाई जा रही 50 लाख की फॉरच्यूनर बरामद, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

दिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जाई जा रही 50 लाख की फॉरच्यूनर बरामद, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

by Kalpana Pandey
0 comments

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से चोरी की गई करीब 50 लाख रुपये कीमत की फॉरच्यूनर एसयूवी बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। बरामद वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि उसका वास्तविक पंजीकरण दिल्ली का पाया गया।

पुलिस के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 226.3 किलोमीटर स्टोन के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध फॉरच्यूनर को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तोईजम नटराज सिंह निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका संपर्क दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति से एक मैसेजिंग ऐप के माध्यम से होता था। अमित चोरी की गाड़ियां उपलब्ध कराता था, जिन्हें फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर के उखरुल जिले में एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाता था। इसके बदले उसे प्रत्येक वाहन की डिलीवरी पर 30 हजार रुपये मिलते थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी दो चोरी के वाहन मणिपुर पहुंचा चुका है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का मामला प्रतीत होता है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले में अन्य खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस ने बरामद फॉरच्यूनर को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

You may also like

Leave a Comment