मुंबई के डोकयार्ड रोड इलाके में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डी कंपनी से जुड़े बताए जा रहे आसिफ दाढ़ी के बेटे समीर शेख पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में समीर शेख घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने समीर शेख को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसकी मांडी में जा लगी। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोलीबारी को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भायखला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन डी कंपनी कनेक्शन सामने आने के बाद इस घटना को गंभीरता से देखा जा रहा है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।