
आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चक दडवानी छांऊ गांव में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुछ लोगों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक गांव निवासी तेज प्रताप मिश्र अपने घर पर बरसात के पानी से बचाव के लिए एस्बेस्टस शीट और टीन शेड ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी कुछ लोगों के साथ एकजुट होकर उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ तेज प्रताप मिश्र को पीटा बल्कि बीच-बचाव करने पहुंची घर की महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। दबंगों ने घर में लगी एस्बेस्टस शीट और टीन शेड को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।