उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जमकर पथराव कर दिया। इस घटना में तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि थाना प्रभारी की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
पूरा मामला चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नागपुरा गांव का है। जानकारी के मुताबिक गांव में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे अधमरी हालत में सड़क पर छोड़ दिया गया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया था। इसी दौरान पुलिस आरोपी को अपने कब्जे में लेने गांव पहुंची, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर पथराव शुरू हो गया।
पथराव में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। वहीं पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।