नेपाल में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेपाल के धादिंग जिले में गजुरी के पास यात्रियों से भरी एक बस त्रिशूली नदी में गिर गई। यह हादसा देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर हुआ, जब पोखरा से काठमांडू जा रही बस पृथ्वी हाईवे पर अचानक संतुलन खो बैठी।
इस भीषण हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बचाव दल ने घटनास्थल से कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य में नेपाल आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस के जवान लगातार जुटे हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज गति यानी ओवरस्पीडिंग मानी जा रही है, हालांकि दुर्घटना का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे में विदेशी नागरिक भी प्रभावित हुए हैं, जिनमें न्यूजीलैंड, जापान और नीदरलैंड के यात्री शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।