
पालघर:
महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी किले पर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटना सामने आई है। भूस्खलन से पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने महालक्ष्मी किले और मंदिर तक जाने वाले मार्ग को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रवेश पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। मार्ग की मरम्मत और पहाड़ी की सुरक्षा का आकलन करने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल महालक्ष्मी किले की ओर यात्रा न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के बाद ही दर्शन के लिए जाएं। मानसून के दौरान पहाड़ी और जलप्रपात वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।