
आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी और हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर खतरनाक तरीके से वाहन रोककर फोटो और वीडियो बनाने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में साफ देखा गया कि कुछ युवक एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों के सामने खड़े होकर वीडियो बना रहे थे। इस दौरान न केवल यातायात बाधित हुआ, बल्कि अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अम्मान (19 वर्ष), नावेद (20 वर्ष), अनवर (27 वर्ष), राहत अली (25 वर्ष) और दानिश (19 वर्ष) निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि एक्सप्रेसवे और सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की खतरनाक गतिविधियों से बचें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।