Home ट्रेंडिंगबोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

by Kalpana Pandey
0 comments

मुंबई | प्रतिनिधि

मुंबई के बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास (Redevelopment) की प्रक्रिया को गति मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और परियोजना को अंतिम रूप देने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। यह जानकारी भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने दी।

अधिकारियों ने किया दौरा, हुई समीक्षा बैठक

रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के वाइस चेयरमैन मनोज गर्ग और मुंबई के सीपीएम डी.के. मिश्रा ने बोरीवली स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्टेशन को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाने पर चर्चा हुई।

पुनर्विकास योजना की प्रमुख विशेषताएं

  • यात्रियों के लिए स्टेशन पर आसान और सुगम आवागमन।
  • टैक्सी, ऑटो और निजी वाहनों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी।
  • पर्याप्त टिकट काउंटर और आधुनिक स्वच्छता सुविधाएं।
  • सभी प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर की व्यवस्था।
  • स्टेशन परिसर का एकीकृत विकास, जिससे कम जगह में अधिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कांदिवली स्टेशन बनेगा नया हब

बोरीवली स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन को एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत अतिरिक्त बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं पर भी काम किया जाएगा।

जनता की राय से बनेगा अंतिम प्लान

विधायक संजय उपाध्याय के अनुसार अगले 10 दिनों में परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद बोरीवली स्टेशन पर एक विशेष कैंप आयोजित कर स्थानीय नागरिकों और यात्रियों से सुझाव लिए जाएंगे। प्राप्त सुझावों को अंतिम मास्टर प्लान में शामिल किया जाएगा।

रेल मंत्री की तत्परता की सराहना

संजय उपाध्याय ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुलाकात के तुरंत बाद अधिकारियों की बैठक बुलाकर परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सुझावों को शामिल करते हुए स्टेशनों का विकास किया जाएगा, जिससे लाखों यात्रियों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

You may also like

Leave a Comment