उत्तर प्रदेश के चन्दौली जिले में पुलिस ने महिला का भेष धारण कर हाईवे पर लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश घायल हो गया, जबकि कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हाईवे पर राहगीरों की गाड़ियां रुकवाकर उनके साथ मारपीट करते थे और लूट की वारदात को अंजाम देते थे। 17 मई को भगवानपुर नहर के पास अमेठी निवासी एक व्यक्ति से 42 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की।
मामले की जांच के दौरान थाना चन्दौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और नगदी बरामद की है। यह कार्रवाई एसपी आकाश पटेल के निर्देशन में की गई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।