
उत्तर प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए गाज़ीपुर पुलिस ने ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। बिरनो टोल प्लाजा पर हुई इस विशेष चेकिंग में 16 शराबी चालक पकड़े गए, जबकि कुल 190 वाहनों का चालान कर ₹4.80 लाख का जुर्माना लगाया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उ.प्र.) के निर्देश पर गाज़ीपुर पुलिस, RTO और यातायात विभाग की संयुक्त टीमों ने 8 लेनों पर बैरीकेडिंग कर सघन जांच अभियान चलाया। रोडवेज बसों, भारी व्यावसायिक वाहनों, चार पहिया और दो पहिया वाहनों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई।
अभियान के दौरान 22 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न लगाने को लेकर कार्रवाई की गई, जबकि बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और बिना दस्तावेज जैसे मामलों में 152 अन्य वाहनों का चालान किया गया।
एसपी डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के बाद गाज़ीपुर पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर अपनाने की अपील की है।