Home राज्यउत्तर प्रदेशमिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़, 45 गोवंश के साथ दो पशु तस्कर गिरफ्तार

मिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़, 45 गोवंश के साथ दो पशु तस्कर गिरफ्तार

by Real Khabren
0 comments
मिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़, 45 गोवंश

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। अहरौरा थाना क्षेत्र के बैजू बाबा तपस्थली के पास पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस के अनुसार, अहरौरा थाना को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर जंगल के रास्ते चंदौली होते हुए गोवंश को बिहार ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भल्दरिया-हिनौता क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों तस्करों के पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबचन यादव और रामप्रकाश यादव के रूप में हुई है, जो चंदौली जिले के निवासी हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के खिलाफ अन्य जिलों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तस्करों के कब्जे से दो देशी कट्टे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही, वध के लिए ले जाए जा रहे कुल 45 गोवंश को भी मुक्त कराया गया है।
घायल तस्करों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
इस मामले में एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि पुलिस को पहले से ही इनपुट मिला था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जिले में पशु तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like

Leave a Comment