
मुंबई:
मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जलभराव और रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण पश्चिम रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट-टर्मिनेट किया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
बारिश का सबसे अधिक असर पालघर जिले में देखने को मिला, जहां कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चलाकर 244 लोगों को सुरक्षित निकाला। प्रशासन ने बताया कि राहत अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
मौसम विभाग ने मुंबई, पालघर, ठाणे और आसपास के तटीय क्षेत्रों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों में जाने से बचने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
रेलवे और स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही प्रभावित रेल सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाएगा, जबकि राहत एवं पुनर्वास कार्य भी जारी रहेंगे।