मुंबई से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है, जहां मीरा रोड में धर्म पूछकर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। इस मुद्दे पर शिवसेना नेता संजय राउत के बयान को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है।
भाजपा प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए संजय राउत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “धर्म पूछकर मारपीट अलग-अलग धर्मों में होती है” जैसा बयान देकर संजय राउत हिंदुओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। नवनाथ बन ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आज तक कोई ऐसा उदाहरण है, जहां किसी हिंदू ने धर्म पूछकर किसी पर हमला किया हो?

भाजपा नेता ने आगे कहा कि कुछ लोगों को खुश करने और अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं, लेकिन हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हिंदू धर्म को सहिष्णु बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र की पहचान छत्रपति शिवाजी महाराज से है, न कि औरंगजेब की मानसिकता से।
यहीं नहीं, नवनाथ बन ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर संजय राउत और उद्धव ठाकरे को ममता बनर्जी से इतना ही लगाव था, तो वे वहां जाकर प्रचार क्यों नहीं कर पाए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में जनता ममता सरकार से परेशान है और आगामी नतीजों में भाजपा को बढ़त मिलती नजर आएगी।
भाजपा ने एक बार फिर अपने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही विधान परिषद चुनावों में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को मौका देने की बात भी दोहराई गई है।
फिलहाल, मीरा रोड की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी देखने को मिल सकती है।