मुंबई के कांदिवली पूर्व क्षेत्र में स्व-जनगणना अभियान की औपचारिक शुरुआत विधायक अतुल भातखळकर के हस्ते की गई। इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका के सह-आयुक्त विश्वास शंकरवार और पी साउथ वॉर्ड के सहायक आयुक्त अनिरुद्ध कुलकर्णी ने विधायक के निवास पर पहुंचकर अभियान का शुभारंभ कराया। खास बात यह रही कि विधायक अतुल भातखळकर ने स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लेते हुए अपना रजिस्ट्रेशन कर नागरिकों को भागीदारी का संदेश दिया।

देश की 16वीं जनगणना को बेहद व्यापक और महत्वपूर्ण प्रक्रिया माना जा रहा है। यह केवल जनसंख्या की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बुनियादी ढांचे और शहरी विकास की योजनाओं के लिए आधार तैयार करेगी। प्रशासन का मानना है कि सटीक आंकड़ों के जरिए संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग संभव हो सकेगा।
इस बार जनगणना को डिजिटल और तकनीक आधारित तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनेगी। विधायक भातखळकर ने कहा कि हर नागरिक की सटीक जानकारी देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगी और लोगों से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में हिस्सा लें और सही जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें।
स्व-जनगणना अभियान को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से यह साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार जनगणना को ज्यादा आधुनिक, सहभागी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।