Home राज्यउत्तर प्रदेशशंकराचार्य मामले में नया दावा: शाहजहांपुर के युवक ने लगाया साजिश रचने का आरोप

शंकराचार्य मामले में नया दावा: शाहजहांपुर के युवक ने लगाया साजिश रचने का आरोप

by Real Khabren
0 comments

वाराणसी/शाहजहांपुर: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े कथित यौन शोषण प्रकरण में अब एक नया मोड़ सामने आया है। शाहजहांपुर के एक युवक ने दावा किया है कि उसे कथित तौर पर शंकराचार्य को फंसाने के लिए उकसाया गया था। युवक का आरोप है कि आशुतोष पांडेय ने उससे संपर्क कर अपनी नाबालिग बेटियों के जरिए शंकराचार्य पर गलत कार्य का आरोप लगाने का प्रस्ताव दिया था।

युवक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि तीन अज्ञात लोग उसके घर पहुंचे और उसके पिता का नाम लेकर बातचीत शुरू की। इसके बाद फोन पर उसकी बात आशुतोष पांडेय से कराई गई। युवक के अनुसार, उससे कहा गया कि एक “स्वामी जी को ठीक करना है” और इसके लिए वह अपनी बेटियों के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा दे। युवक का कहना है कि उसने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया और बाद में वाराणसी जाकर शंकराचार्य को पूरी जानकारी दी।

इस दावे के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके खिलाफ एक बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लालच देकर झूठे आरोप लगाने के लिए लोगों को तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी की याचिका पर अदालत ने शंकराचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके बाद झूंसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में माघ मेले के दौरान नाबालिग शिष्यों के साथ कथित यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। इस प्रकरण में शंकराचार्य के साथ उनके शिष्य मुकुदानंद गिरि का नाम भी शामिल है।

शंकराचार्य ने हाल ही में वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा था कि यदि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है तो वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मामले से जुड़ी कथित सीडी को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि माघ मेले के दौरान प्रशासन द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में यदि कोई घटना हुई होगी तो वह रिकॉर्ड में होगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब इस मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।

You may also like

Leave a Comment