Home वेब स्टोरीजसिक्किम में एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप, 4.6 और 3.5 तीव्रता के झटकों से दहशत; लोग घरों से बाहर निकले

सिक्किम में एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप, 4.6 और 3.5 तीव्रता के झटकों से दहशत; लोग घरों से बाहर निकले

0 comments

पूर्वोत्तर के राज्य सिक्किम में गुरुवार को एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पहला भूकंप सुबह 11 बजकर 24 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता 4.6 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र ग्यालशिंग जिले के युक्सोम से करीब चार किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
पहले झटके के बाद राजधानी गंगटोक, नामची, मंगन और पेलिंग सहित कई इलाकों में कंपन महसूस किया गया। झटका इतना तेज था कि लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई स्थानों पर लोग डर के मारे सड़कों पर इकट्ठा हो गए।

इसके बाद दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर दूसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। इस बार झटके का केंद्र गंगटोक से लगभग 11 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। हालांकि दोनों भूकंपों में फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार झटकों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि सिक्किम भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। यह इलाका हिमालयी भू-भाग का हिस्सा है, जहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स की टक्कर होती रहती है। इसी कारण यहां समय-समय पर मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

You may also like

Leave a Comment