
अलीगढ़/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में हुए एक दर्दनाक अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अभी-अभी सूचना मिली है कि लखनऊ में आग की घटना में कुछ बच्चे इसकी चपेट में आ गए, जिनमें कई बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वे अलीगढ़ में कार्यक्रम में मौजूद रहें, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल लखनऊ रवाना होना पड़ रहा है। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने तथा विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे स्वयं भी लखनऊ पहुंचकर घटना की समीक्षा करेंगे, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।