
बस्ती। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। बैनामे की जमीन में गवाही देने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लक्ष्मिन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बैनामे की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। संघर्ष में गंभीर रूप से घायल लक्ष्मिन को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और समर्थकों ने आरोपी पक्ष के मकान को चारों तरफ से घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत और क्षेत्राधिकारी रुधौली मौके पर पहुंचे तथा हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और PAC के जवान तैनात किए गए हैं। फिलहाल पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।