Home राज्यउत्तर प्रदेशअयोध्या में 20 लाख की हीरे जड़ी सोने की चेन मिली, मंदिर सेवादार ने श्रद्धालु को लौटाई

अयोध्या में 20 लाख की हीरे जड़ी सोने की चेन मिली, मंदिर सेवादार ने श्रद्धालु को लौटाई

by Kalpana Pandey
0 comments

अयोध्या, 9 अगस्त: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु की करीब 20 लाख रुपये मूल्य की हीरे जड़ी सोने की चेन सड़क पर गिर गई। चेन मिलने के बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने ईमानदारी और तत्परता दिखाते हुए उसे उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया।

जानकारी के मुताबिक, ध्रुवेश मिश्रा को अमावा मंदिर के पास हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर हीरे जड़ी सोने की चेन पड़ी मिली। उन्होंने चेन को अपने पास रखने के बजाय पीएफसी कार्यालय पहुंचकर श्रद्धालु की तलाश के लिए उद्घोषणा कराई।

उद्घोषणा के बाद मुजफ्फरनगर की रहने वाली निर्मला देवी, पत्नी मोहन कुमार, वहां पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक पूछताछ और संतुष्टि के बाद चेन उन्हें सौंप दी गई।

चेन वापस मिलने के बाद निर्मला देवी ने बताया कि यह चेन उनके दिवंगत पति की दी हुई निशानी थी। इसलिए उनके लिए इसका भावनात्मक महत्व इसकी कीमत से कहीं अधिक है।

ध्रुवेश मिश्रा की इस ईमानदारी और संवेदनशीलता की श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की। चेन वापस मिलने पर महिला श्रद्धालु ने सेवादार का आभार जताया।

You may also like