Home mumbaiमुलुंड में मेट्रो स्लैब गिरने पर सियासत तेज, वर्षा गायकवाड़ ने कहा भ्रष्टाचार का नतीजा, जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई

मुलुंड में मेट्रो स्लैब गिरने पर सियासत तेज, वर्षा गायकवाड़ ने कहा भ्रष्टाचार का नतीजा, जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई

by Suhani Sharma
0 comments

मुंबई में मेट्रो निर्माण के दौरान स्लैब गिरने की घटना को लेकर सियासत गरमा गई है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को भ्रष्टाचार का जीवंत उदाहरण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित मंत्रियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की है।


मुलुंड पश्चिम के एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास मेट्रो के पिलर का हिस्सा और स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। इस घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार और एमएमआरडीए की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है और टक्केवारी की राजनीति मुंबईकरों की जान पर भारी पड़ रही है। उनका कहना है कि मेट्रो का काम तेज दिखाने की होड़ में सुरक्षा और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब व्यस्त सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था, तो नीचे से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे।

कांग्रेस ने स्पष्ट कहा है कि केवल जांच के नाम पर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि एमएमआरडीए और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों व मंत्रियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
वर्षा गायकवाड़ ने यह भी कहा कि मुंबई में आम लोगों का जीवन पहले ही मुश्किल हो चुका है—सड़कों पर गड्ढे, बढ़ता प्रदूषण, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और पानी की समस्या से जनता परेशान है। ऐसे में अगर विकास कार्य ही लोगों की जान जोखिम में डालें, तो यह स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुंबई का विकास जरूरी है, लेकिन वह मुंबईकरों की जान की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

You may also like

Leave a Comment