Home वेब स्टोरीजबुंदेलखंड को मिली बड़ी सौगात: कबरई-नौबस्ता फोरलेन ग्रीन फील्ड मार्ग को मंजूरी, महोबा में एम्स और हमीरपुर में मिलेट्स हब की मांग

बुंदेलखंड को मिली बड़ी सौगात: कबरई-नौबस्ता फोरलेन ग्रीन फील्ड मार्ग को मंजूरी, महोबा में एम्स और हमीरपुर में मिलेट्स हब की मांग

by Suhani Sharma
0 comments

बुंदेलखंड के विकास को लेकर राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने बड़ा बयान दिया है। जानीपुर स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए और केंद्र सरकार द्वारा बुंदेलखंड को दी जा रही प्राथमिकता की जानकारी दी।

सांसद ने बताया कि क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और एनएचएआई अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया गया। इसी प्रयास का परिणाम है कि कबरई से नौबस्ता होते हुए कानपुर तक प्रस्तावित फोरलेन ग्रीन फील्ड मार्ग परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना के लिए हजारों करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। निर्माण और रखरखाव का कार्य एक निजी कंपनी द्वारा तय समयावधि तक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बुंदेलखंड को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क परियोजना से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इसके अलावा सांसद ने महोबा में एम्स की स्थापना की मांग रखी, ताकि बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को उन्नत और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। साथ ही हमीरपुर में राष्ट्रीय मिलेट्स प्रोसेसिंग एवं निर्यात केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे मोटे अनाज को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।

सांसद के अनुसार, इन परियोजनाओं के लागू होने से बुंदेलखंड के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

You may also like

Leave a Comment