Home दुनियास्टेट ऑफ द यूनियन में ट्रंप का बड़ा दावा: “भारत-पाक परमाणु युद्ध टलवाया, 3.5 करोड़ जानें बचीं”

स्टेट ऑफ द यूनियन में ट्रंप का बड़ा दावा: “भारत-पाक परमाणु युद्ध टलवाया, 3.5 करोड़ जानें बचीं”

by Suhani Sharma
0 comments

वॉशिंगटन में अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति Donald Trump ने अपने स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में कई बड़े दावे किए। घरेलू मुद्दों पर फोकस के बीच ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु युद्ध टलवाने का दावा कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।
ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान परमाणु टकराव की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उनके हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया था कि संभावित परमाणु युद्ध में 35 मिलियन यानी करीब साढ़े तीन करोड़ लोगों की जान जा सकती थी। ट्रंप ने इसे अपनी कूटनीतिक सफलता बताया और कहा कि “अब हमें जीतने की आदत हो गई है।”

ईरान के मुद्दे पर भी राष्ट्रपति ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी के लिए बड़ी चुनौती है। ट्रंप ने 2025 में ईरानी परमाणु ठिकानों पर किए गए अमेरिकी एयर कैंपेन “ऑपरेशन मिडनाइट हैमर” का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस कार्रवाई ने तेहरान की क्षमताओं को काफी कमजोर किया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।


ट्रेड पॉलिसी पर बोलते हुए ट्रंप ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया, जिसमें कई देशों पर लगाए गए टैरिफ को गैर-कानूनी करार दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई देश टैरिफ समझौतों से पीछे हटने की कोशिश करेगा तो अमेरिका और सख्त डील लागू करेगा। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि वह कांग्रेस की मंजूरी के बिना अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत टैरिफ जारी रख सकते हैं।
भाषण के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से जवाब देने के लिए वर्जीनिया की गवर्नर Abigail Spanberger सामने आएंगी, जबकि कैलिफ़ोर्निया के सीनेटर Alex Padilla स्पैनिश में प्रतिक्रिया देंगे।

ट्रंप के दावों और बयानों पर अब अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। खासतौर पर भारत-पाकिस्तान के संदर्भ में किए गए उनके दावे पर आधिकारिक प्रतिक्रियाओं का इंतजार किया जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment