
मुंबई:NEET 2026 परीक्षा के पेपर लीक और परीक्षा रद्द किए जाने के मामले ने पूरे देश में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों छात्रों की मेहनत और सपनों पर पानी फिरने के बाद अभिभावकों और विद्यार्थियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार पक्ष के प्रवक्ता तथा युवक मुंबई अध्यक्ष ॲड. अमोल मातेले ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और भ्रष्टाचार की घटनाएं सामने आना सरकार और परीक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
अमोल मातेले ने आरोप लगाया कि गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसे संगठित रैकेट उनके भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि एक संगठित भ्रष्टाचार का खेल है, जिसमें परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पूरी तरह से कमजोर हो चुकी है।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा सीबीआई जांच के आदेश को पर्याप्त नहीं बताते हुए कहा कि सिर्फ जांच की घोषणा से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड, परीक्षा तंत्र से जुड़े भ्रष्ट अधिकारियों और दलालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए।
साथ ही उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को पारदर्शी, तकनीक आधारित और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था वाली परीक्षा प्रणाली लागू करनी चाहिए।
अमोल मातेले ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ जारी रहा, तो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार पक्ष सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी छात्रों के न्याय और उनके अधिकारों की लड़ाई में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेगी।