
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पचपेड़वा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 बरगदही स्थित बाबा हज़रत सैयद इल्तिज़ा हुसैन के दो दिवसीय उर्से अज़ीम का भव्य समापन हुआ।
उर्स के दौरान पूरे इलाके में रूहानियत और अकीदत का माहौल देखने को मिला। दूर-दराज़ से आए हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की और बाबा के दर पर हाज़िरी लगाई। लोगों ने देश में अमन, सुकून, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित तकरीर में उलेमाओं और वक्ताओं ने बाबा हज़रत सैयद इल्तिज़ा हुसैन के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मोहब्बत, इंसानियत और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।
वहीं दूसरे दिन उर्स में मशहूर क़व्वाल जुनेद सुल्तानी की सूफियाना क़व्वाली ने समां बांध दिया। उनके रूहानी कलाम को सुनकर मौजूद जायरीन झूम उठे और पूरा माहौल अकीदत और रूहानियत से भर गया।
इस मौके पर मजार के सज्जादानशीन सैयद अशरफ हुसैन भी मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में हजारों अकीदतमंदों ने उर्स में शिरकत की और कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ाया।
बरगदही में सम्पन्न हुआ यह दो दिवसीय उर्स न सिर्फ एक धार्मिक आयोजन बनकर उभरा, बल्कि इसने भाईचारे, मोहब्बत और सामाजिक सौहार्द का मजबूत संदेश भी दिया।