
महाराष्ट्र की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राम कुलकर्णी ने कांग्रेस नेता नाना पटोले पर जोरदार पलटवार किया है। कुलकर्णी ने कहा कि देश को एक सक्षम प्रधानमंत्री मिला है, इसलिए जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी सरकार को जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि जनमत का सम्मान न करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
राम कुलकर्णी ने नाना पटोले पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें “नाक से बैंगन छीलने” जैसा काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के पुराने दौर का हवाला देते हुए कहा कि साल 2013 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम और वीरप्पा मोइली ने भी लोगों से सोना कम खरीदने और ईंधन बचाने की अपील की थी।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश पर संकट के समय पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं ने भी सादगी और बचत का संदेश दिया था। कुलकर्णी ने सवाल उठाया कि जब नाना पटोले कहते हैं कि पुराने मामलों को न उठाया जाए, तब उन्हें शर्म क्यों नहीं आती।
इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।