मुंबई में आयोजित जूनियर मुंबई श्री 2026 प्रतियोगिता इस बार सिर्फ बॉडीबिल्डिंग के दमखम के लिए ही नहीं, बल्कि एक भावुक कहानी के कारण भी चर्चा में रही। मंच पर जब महज 6 साल का रचित पांचाल आत्मविश्वास के साथ पोज देता नजर आया, तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
रचित की कहानी संघर्ष और जज़्बे की मिसाल है। वर्ष 2024 में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में उसके बॉडीबिल्डर पिता का निधन हो गया था। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन पिता का सपना यहीं खत्म नहीं हुआ। उसी अधूरे सपने को पूरा करने का संकल्प लेकर रचित ने कम उम्र में ही बॉडीबिल्डिंग की दुनिया में कदम रखा
ग्रेटर बॉम्बे बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशनद्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 55 किलो वजन वर्ग और 23 वर्ष से कम आयु वर्ग में रचित की मौजूदगी ही लोगों के लिए प्रेरणा बन गई। अपने से कई गुना बड़े और अनुभवी प्रतिभागियों के बीच इस नन्हे खिलाड़ी ने जिस आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ मंच संभाला, उसने सभी का दिल जीत लिया।

प्रतियोगिता के दौरान रचित ने अलग-अलग पोज देकर अपनी तैयारी और समर्पण का परिचय दिया। दर्शकों के लिए यह दृश्य भावुक कर देने वाला था। परिवार से बातचीत के दौरान मां की आंखें नम थीं। उन्होंने कहा कि बेटे का यह कदम पिता के सपने को साकार करने की दिशा में एक शुरुआत है।
यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं थी, बल्कि हौसले, परिवार और सपनों की कहानी थी। 6 साल का यह नन्हा खिलाड़ी आज मुंबई में जज़्बे की नई पहचान बन चुका है।