महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार के विमान हादसे में निधन को आज एक महीना पूरा हो गया है। 28 जनवरी को बारामती के पास लैंडिंग के दौरान उनका विमान क्रैश हो गया था। हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ और विमान में आग लग गई, जिसमें अजित पवार समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
इस दुर्घटना में उनके अंगरक्षक, पायलट, को-पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट की भी जान चली गई। इस घटना से पूरा महाराष्ट्र स्तब्ध रह गया था। बारामती और पवार परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि अजित पवार मुंबई से कुछ कार्यक्रमों के सिलसिले में बारामती जा रहे थे, लेकिन लैंडिंग से ठीक पहले विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे को एक महीना पूरा होने पर उनके भतीजे और विधायक रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बेहद भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि आज भी ऐसा लगता है मानो यह सब एक बुरा सपना हो। उन्होंने उस दिन अजित दादा के नंबर पर कॉल करने की बात कही, लेकिन कॉल नहीं उठा और उनका वह परिचित, भारी आवाज अब कभी सुनाई नहीं देगी यह सोचकर मन बेहद व्यथित हो जाता है।
वहीं जय पवार ने भी अपने पिता को याद करते हुए भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि दी।

इधर, इस विमान हादसे की प्राथमिक जांच रिपोर्ट आज आने की संभावना है। हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या किसी साजिश का हिस्सा था, इसको लेकर जांच जारी है। पूरे महाराष्ट्र की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस रहस्यमयी दुर्घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।