Home राज्यउत्तराखंडराज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ उत्तराखंड का बजट सत्र, कांग्रेस का हंगामा और वॉकआउट

राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ उत्तराखंड का बजट सत्र, कांग्रेस का हंगामा और वॉकआउट

0 comments

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण के साथ हुई। सत्र के पहले ही दिन सदन के अंदर और बाहर जबरदस्त राजनीतिक हलचल देखने को मिली।

सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के विधायकों ने विधानसभा परिसर की सीढ़ियों पर बैठकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि सरकार पहले ही दिन बजट पेश कर महत्वपूर्ण सवालों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रही है।

धरना प्रदर्शन में हरिद्वार ग्रामीण से विधायक अनुपमा रावत, खटीमा से विधायक भुवन कापड़ी और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। विपक्षी विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई और बाद में सदन के भीतर भी हंगामा किया, जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट कर दिया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रदर्शन कर रहे विपक्षी विधायकों से अपील की कि लोकतंत्र के हित में सदन को शांतिपूर्वक चलने दिया जाए ताकि प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हो सके।

गैरसैंण में चल रहे इस बजट सत्र पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। जानकारी के अनुसार दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सदन को संबोधित करेंगे, जिसमें सरकार की आगामी नीतियों और विकास योजनाओं की रूपरेखा सामने आने की उम्मीद है।

You may also like

Leave a Comment