उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भाजपा विधानमंडल दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लेते हुए विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान राज्य के विकास कार्यों, विधानसभा सत्र की रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना और उनका त्वरित समाधान करना है। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से उठाएं और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करें।

बैठक में मौजूद विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और विचार रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है और इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग बेहद जरूरी है।
उन्होंने भरोसा जताया कि जनप्रतिनिधियों और सरकार के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी तथा आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।