मुंबई के घाटकोपर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके दरवाजे तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष “छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर अभियान” का आयोजन किया गया। यह शिविर 14 मार्च 2026 को शेठ धनजी देवशी राष्ट्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
यह उपक्रम घाटकोपर पूर्व के सेवाभावी विधायक पराग शाह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम नागरिकों के बीच की दूरी कम करना और लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था।

शिविर में नागरिकों के लिए विभिन्न सरकारी प्रमाण पत्र, आवेदन पत्र के नमूने, नई सरकारी योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन के लिए विशेष काउंटर लगाए गए थे। इसके साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी आसानी और तेजी से मिल सकी। घाटकोपर क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने उत्साह के साथ इस शिविर का लाभ उठाया।

इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितूताई तावडे, नगरसेविका राखीताई जाधव, नगरसेवक धर्मेश गिरी और नगरसेविका निर्मिती कानडे सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा प्रस्तुत ‘अंत्योदय’ की अवधारणा को जमीन पर उतारने की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण कदम है।

शिविर के सफल आयोजन के लिए विधायक पराग शाह ने कुर्ला तहसीलदार कार्यालय, जिला प्रशासन और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि घाटकोपर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों का जीवन अधिक सुगम बनाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।