Home क्राइममुंबई में मछली को लेकर विवाद बना हत्या की वजह, दो दोस्तों ने पत्थर से कुचलकर की साथी की हत्या

मुंबई में मछली को लेकर विवाद बना हत्या की वजह, दो दोस्तों ने पत्थर से कुचलकर की साथी की हत्या

0 comments

मुंबई के वनराई इलाके से एक चौंकाने वाला और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मछली खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की मौत की वजह बन गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक अफसर (35) अपने दो दोस्तों सुरेश और राजेश रमेशनाथ उर्फ नेपाली के साथ 23 फरवरी की सुबह मछली लेकर आया था। तीनों ने मिलकर मछली पकाने की तैयारी की और साथ-साथ शराब पीने लगे। बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय अफसर ज्यादा नशे में होने के कारण वहीं सो गया।

इसी दौरान कढ़ाई में रखी मछली को चूहों ने खा लिया और कढ़ाई खाली हो गई। जब सुरेश और राजेश खाने के लिए उठे तो उन्हें मछली नहीं मिली। दोनों को शक हुआ कि अफसर ने पूरी मछली अकेले खा ली और फिर सो गया है। इसी शक में दोनों का गुस्सा भड़क गया।

आरोप है कि दोनों ने पहले अफसर को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और फिर पास में पड़े पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए और हरियाणा भाग गए।

पुलिस के सामने इस मामले की सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि मृतक और दोनों आरोपियों के पास न तो मोबाइल फोन था और न ही किसी के पास कोई पहचान पत्र था। ऐसे में आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए बेहद मुश्किल था।

जांच के दौरान वनराई पुलिस ने आसपास के इलाके में करीब 200 कचरा बीनने वालों से पूछताछ की और मृतक की तस्वीर दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर टीम ने हरियाणा के कैथल में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजेश रमेशनाथ उर्फ नेपाली का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है और उसके खिलाफ हत्या तथा उगाही जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल वनराई पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।

You may also like

Leave a Comment