Home राज्यउत्तर प्रदेशआजमगढ़ में अमन-चैन के साथ अदा हुई ईद की नमाज, कड़ी सुरक्षा के बीच दिखी खुशियां… ईरान-फिलिस्तीन को लेकर जताया विरोध

आजमगढ़ में अमन-चैन के साथ अदा हुई ईद की नमाज, कड़ी सुरक्षा के बीच दिखी खुशियां… ईरान-फिलिस्तीन को लेकर जताया विरोध

0 comments

एक माह के पवित्र रमजान के बाद आजमगढ़ जनपद में ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह, उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। जिले भर में करीब 636 ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जिसमें 358 ईदगाह और 278 मस्जिदें शामिल रहीं। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे, जहां बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।


नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और घर-घर जाकर सेवइयों का लुत्फ उठाया। शहर के बदरका ईदगाह पर भारी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की, जहां प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और लोगों को बधाई दी। इस दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव, एमएलसी गुड्डू जमाली और विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने भी लोगों से मुलाकात कर ईद की शुभकामनाएं दीं।


ईद के मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले में करीब 1200 सिविल पुलिस फोर्स, 3 कंपनी पीएसी, 24 क्यूआरटी टीम, एलआईयू, 600 होमगार्ड, 350 पीआरडी जवान और डायल 112 पुलिस बल तैनात रहा। जिले के आला अधिकारी भी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे पूरे जनपद में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
हालांकि, इस खुशी के मौके पर कुछ नमाजियों ने ईरान और फिलिस्तीन के मुद्दे को लेकर चिंता भी जताई। कुछ लोग काला कपड़ा पहनकर विरोध दर्ज कराते नजर आए और कहा कि वहां मस्जिदों में नमाज नहीं होने दी जा रही है।
कुल मिलाकर आजमगढ़ में ईद का त्योहार जहां एक ओर भाईचारे और एकता का संदेश देता नजर आया, वहीं दूसरी ओर वैश्विक हालात को लेकर लोगों की भावनाएं भी सामने आईं।

You may also like

Leave a Comment