
जलगांव, महाराष्ट्र:
महाराष्ट्र के जलगांव में ड्रग्स कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग मामले के मुख्य आरोपी के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी के अवैध घर और दुकान पर बुलडोजर चलाया।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में स्थानीय अपराध शाखा और एमआईडीसी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की गई थी। इस मामले में लाखों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों के साथ कार, बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रईस हसन देशमुख ने एमआईडीसी क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर अवैध निर्माण किया था। इसके बाद नगर निगम के अतिक्रमण विभाग और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसके अवैध घर और दुकान को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था। प्रशासन ने कहा कि पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्रग्स कारोबार और उससे जुड़े अवैध नेटवर्क के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।