मुंबई के बांद्रा रेलवे इलाके में बड़े पैमाने पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ रेलवे और बीएमसी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध बस्तियों को हटाया है। यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई, जिसके तहत रेलवे ट्रैक के किनारे अवैध रूप से बसे लोगों को हटाया गया।
बीएमसी और रेलवे की टीम ने स्टेशन के पास ट्रैक नंबर 8 और 9 के आसपास करीब 50 एकड़ जमीन को खाली कराया है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में लोहे की फेंसिंग भी लगा दी गई है, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके और रेलवे ट्रैक सुरक्षित रहे।

इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने पहले ही “लैंड जिहाद” का मुद्दा उठाया था। उनका आरोप है कि इन झुग्गियों में अवैध रूप से बांग्लादेशी नागरिकों को बसाया जा रहा था। अब प्रशासन की सख्ती के बाद जमीन पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।
आज किरीट सोमैया खुद बांद्रा स्टेशन के पास पहुंचे और मौके का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अब रेलवे इस जमीन को पूरी तरह साफ कर अपने उपयोग में लाएगी। साथ ही उन्होंने इस अतिक्रमण के लिए उद्धव ठाकरे और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।
सोमैया ने आगे कहा कि महाराष्ट्र में अब बीजेपी की “ट्रिपल इंजन” सरकार है और मुंबई के गोवंडी, मानखुर्द और धारावी जैसे इलाकों में बसे अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसे एक शुरुआत बताते हुए कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।