नवी मुंबई के कोपरखैरने सेक्टर-2 स्थित विश्व भारती इंग्लिश हाई स्कूल में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में मनकामेश्वर धाम के पीठाधीश संत बृजेशानंद महाराज ने श्रीराम के आदर्शों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिया।

अपने संबोधन में महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा भी हैं। उन्होंने अपने पूरे जीवन में सत्य, त्याग, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा का पालन किया, जो आज के समाज के लिए भी उतना ही प्रासंगिक है।
महाराज ने वर्तमान समय में सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों में आ रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे दौर में श्रीराम के आदर्शों को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन में अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को स्थान दें, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

इस अवसर पर शिखर न्यूज नेटवर्क के संपादक सुरेश शुक्ला, पत्रकार अनिल बारी, प्रांजल मिश्र, रमाकांत पांडेय, उद्योगपति संजय गुप्ता, संतोष सानप, आचार्य पंडित राजनाथ द्विवेदी, ओमप्रकाश तिवारी, समाजसेवी प्रद्युमन सिंह, डी.एन. मिश्रा, सीमा शुल्क अधिकारी राकेश अग्रवाल, नगरसेविका सायली शिंदे, उद्योगपति एमपी मिश्र, नागेंद्र पांडेय, नगरसेवक प्रवीण म्हात्रे तथा समाजसेवक नारायण शिंदे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वामी जी का शाल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रजनीश गौतम और दिवाकर पांडेय के नेतृत्व में नागमणि पांडेय, अश्वनी पांडेय, श्याम पांडेय, रिंकू पांडेय, विद्यालय के संचालक संजीव सिंह एवं प्रिंसिपल साधना सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि समाज को नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित करने वाला भी साबित हुआ।