उत्तर प्रदेश के अयोध्या से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां राम पथ पर अधिवक्ताओं के जोरदार प्रदर्शन ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। अचानक सड़क पर उतरे वकीलों ने जाम लगाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि अधिवक्ता सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। उनका आरोप है कि पुलिस केवल राम पथ पर खड़ी गाड़ियों को हटाने की कार्रवाई कर रही है, जबकि शहर के अन्य हिस्सों में अतिक्रमण पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
प्रदर्शन कर रहे वकीलों का साफ कहना है कि जब तक पूरे शहर को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जाता, तब तक सिर्फ उनकी गाड़ियों पर कार्रवाई करना गलत है। इसी मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से नाराजगी बनी हुई थी, जो आज उग्र विरोध के रूप में सामने आई।
जाम के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश कर रही है और यातायात को बहाल करने के प्रयास जारी हैं।