
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच राज्य के मुर्शीदाबाद जिले से बड़ी हिंसा की खबर सामने आई है। नाओदा इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब हुमायूं कबीर के काफिले पर अचानक हमला हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों की ओर से काफिले पर पत्थरबाजी और लाठियों से हमला किया गया। इस दौरान काफिले में शामिल कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

इधर, राज्यभर में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। जिन सीटों पर सबसे ज्यादा सियासी मुकाबला माना जा रहा है, उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुरा और झारग्राम प्रमुख हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 142 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी।
राजनीतिक माहौल की बात करें तो इस चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूरी ताकत प्रचार में झोंक दी है, वहीं बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और शिवराज सिंह चौहान सहित कई बड़े नेताओं ने जोरदार प्रचार किया है।
इसी बीच प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए कई इलाकों में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। राजभवन और बीबादी बाग के आसपास कई सड़कों को शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 11 बजे तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन की ओर से हालात सामान्य करने की कोशिश जारी है।