महाराष्ट्र के 67वें स्थापना दिवस के मौके पर आज मुंबई स्थित हुतात्मा स्मारक पर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और मुंबई की महापौर रितू तावड़े समेत कई गणमान्य लोगों ने 106 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के बलिदान को याद किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 106 हुतात्माओं के बलिदान से बना महाराष्ट्र आज देश के विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है। उन्होंने महाराष्ट्र के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि यह दिन हर नागरिक के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और जिला कलेक्टर आंचल गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाराष्ट्र गीत की पंक्ति “दिल्लीचेही तख्त राखितो महाराष्ट्र माझा” का उल्लेख करते हुए राज्य की ताकत और गौरव को रेखांकित किया। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं।
लोकशाहीर अण्णा भाऊ साठे के विचारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “दुनिया मजदूरों के हाथों पर टिकी है” और राज्य तथा देश की तरक्की में कामगारों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम से ही समृद्धि की नींव रखी जाती है।