
धारावी में पुनर्विकास परियोजना को लेकर विरोध लगातार तेज हो रहा है। सोमवार को हजारों धारावीकर 500 स्क्वायर फीट घर की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए और “अदानी हटाओ, धारावी बचाओ” के नारे लगाए।
प्रदर्शन उस वक्त और उग्र हो गया जब पुलिस ने मोर्चे को माटुंगा स्थित डीआरपी कार्यालय की ओर बढ़ने से 90 फीट रोड पर रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहीं बैठकर विरोध करने लगे।
इस आंदोलन को कई राजनीतिक नेताओं का समर्थन मिला, जिन्होंने सरकार पर लोगों की अनदेखी का आरोप लगाया। दरअसल, मौजूदा योजना के तहत 350 स्क्वायर फीट घर देने का प्रस्ताव है, जिसे स्थानीय लोग नकार रहे हैं। उनका कहना है कि सभी पात्र लोगों का धारावी में ही पुनर्वास हो और पात्रता प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो।
प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। अधिकारियों ने इन्हें सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और विरोध आगे भी जारी रहने के संकेत हैं।