मुंबई के पश्चिम उपनगरों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अतिरिक्त नगर आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने अस्पतालों और प्रसूति गृहों के पुनर्विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. शर्मा ने भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महानगरपालिका सामान्य अस्पताल का दौरा कर 325 बेड वाले सुपरस्पेशियलिटी प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और समयसीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें आईसीयू, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर और मरीज वार्ड शामिल रहे। अस्पताल पर बढ़ते दबाव को देखते हुए भवन में अतिरिक्त मंजिलें जोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं। फिलहाल अस्पताल की क्षमता 444 बेड की है, जो करीब 30 से 40 लाख लोगों को सेवाएं दे रहा है।

नए सुपरस्पेशियलिटी प्रोजेक्ट के तहत 325 बेड की अतिरिक्त क्षमता विकसित की जा रही है, जिसमें कैंसर, हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, लिवर और किडनी जैसे गंभीर रोगों के इलाज की सुविधाएं शामिल होंगी।
इसके अलावा, ओशिवरा प्रसूति गृह के 150 बेड क्षमता विस्तार और गोरेगांव स्थित टोपीवाला मैटरनिटी होम के पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। डॉ. शर्मा ने इन परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पश्चिम उपनगरों के लाखों नागरिकों को नजदीक ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।