
महाराष्ट्र के कल्याण इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कल्याण परिमंडल-3 की एंटी नारकोटिक्स टीम ने कार्रवाई करते हुए 107 किलो 50 ग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 21.40 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी नशे के मामलों में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे के अनुसार, 4 मई को विशेष टीम गश्त पर थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे खड़कपाड़ा थाना क्षेत्र के वाडेघर डंपिंग ग्राउंड के पास तीन संदिग्ध युवक सार्वजनिक सड़क किनारे खड़े दिखाई दिए। उनके पास हरे और सफेद रंग की बोरियां देखकर पुलिस को शक हुआ।
जब पुलिस टीम उनसे पूछताछ करने आगे बढ़ी तो तीनों युवक भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पंचों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा, 10,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। कुल जब्ती 21.91 लाख रुपये की बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम नुरूजमा खान उर्फ पिला (भिवंडी), दिनेशकुमार संजीवन सरोज (ठाणे) और मोहित मेवालाल वर्मा (मुलुंड) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अदालत में पेशी के बाद आरोपियों को 9 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी नशे के कारोबार से जुड़े रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।