
मुंबई में आने वाले मानसून को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुंबई के उप महापौर संजय घाडी ने एल विभाग में चल रहे नाले और नदी सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए।
उप महापौर ने कुर्ला पश्चिम स्थित साकीनाका मेट्रो स्टेशन के पास के नाले, सफेद पुल नाला और क्रांति नगर इलाके में मिठी नदी से गाद निकालने के काम का जायजा लिया। इस दौरान महिला एवं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष मीनल तुर्डे, एल प्रभाग समिति अध्यक्ष विजयेंद्र शिंदे और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उप महापौर संजय घाडी ने कहा कि मानसून के दौरान मुंबई में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए सभी विभागों को संवेदनशील स्थानों की पहचान कर स्थायी उपाय करने होंगे। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों के सुरक्षित स्थानांतरण की पहले से योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
महानगरपालिका के मुताबिक 7 मई 2026 तक बड़े नालों की सफाई का 51.40 प्रतिशत, छोटे नालों की सफाई का 62.80 प्रतिशत और मिठी नदी से गाद निकालने का 35.60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रशासन का दावा है कि 31 मई तक सभी सफाई कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
उप महापौर ने नागरिकों से भी अपील की कि नालों और नदियों में कचरा और भारी सामान न फेंके, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही अधिकारियों को जनजागरण अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।